Friday, October 23rd, 2026

होला मोहल्ला के दौरान हुआ बवाल , अधीक्षक पर तलवार से हमला 4 सिपाही घायल

    नांदेड़
    
महाराष्ट्र के नांदेड़ में होला मोहल्ला रोकने दौरान हिंसा हो गई. आक्रोशित भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया. इस दौरान पुलिस के वाहनों को भी निशाना बनाया गया. हालात पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त पुलिसबल बुलाना पड़ा.

दरअसल, नांदेड़ में सचखंड हजूर साहिब गुरुद्वारे में होली के मौके पर प्रशासन की ओर से एक बैठक का आयोजन किया गया. इस बैठक में होला मोहल्ला का आयोजन कोरोना गाइडलाइंस के हिसाब से करने की सलाह दी गई. अत्यधिक भीड़ जमा नहीं हो, इसलिए गुरुद्वारे के गेटों पर ताले लगा दिए गए, लेकिन कुछ लोगों को यह मंजूर नहीं था.

बताया गया है कि दोपहर तक गुरुद्वारे में सारे धार्मिक अनुष्ठान व होली शांतिपूर्वक मनाई गई, लेकिन होला मोहल्ला प्रतीकात्मक रूप से निकालते समय भारी भीड़ गुरुद्वारा परिसर में जमा हो गई. कुछ लोगों ने गुरुद्वारे के गेट के ताले तोड़ दिए, जिस वजह से जुलूस रास्ते पर आ गया. पुलिस को सूचना मिलते ही भारी फोर्स मौके पर पहुंच गई.

इस दौरान भीड़ ने पुलिस पर भी हमला कर दिया. बताया गया है कि भीड़ ने पुलिस अधीक्षक पर तलवार से जानलेवा हमला किया. वहीं, कई पुलिसकर्मी भीड़ के हत्थे चढ़ गए. इस घटना में चार पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है. साथ ही  इस दौरान भीड़ ने पुलिस वाहनों को भी नुकसान पहुंंचाया.

सूचना मिलते ही आईजी निसार ताम्बोली भी मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने बमुश्किल स्थिति पर काबू पाया. फिलहाल वहां तनावपूर्ण शांति बनी हुई है. पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है.

 

#होला मोहल्ला

Source : Agency

पाठको की राय